Location: Meral
मेराल। प्रखंड मुख्यालय में केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण को लेकर अंचलाधिकारी यशवंत नायक की अध्यक्षता में बैठक सह शिविर का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से बैंक के एलडीएम सत्यदेव रंजन, एफएलसी कमल कुमार एवं सीएफएलसी श्याम सुंदर महतो उपस्थित थे।
इस अवसर पर बीटीएम प्रवीण कुमार मिश्रा ने उपस्थित किसानों के बीच केसीसी ऋण के लिए आवेदन फॉर्म का वितरण किया। शिविर में सुयोग्य श्रेणी के 20 किसानों द्वारा केसीसी ऋण फॉर्म जमा किया गया।
एलडीएम सत्यदेव रंजन ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से बैंक के माध्यम से 7 प्रतिशत ब्याज दर पर केसीसी ऋण उपलब्ध करा रही है। नियमित लेनदेन करने वाले किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज का लाभ भी मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऋण की अदायगी नहीं करने पर किसानों को डिफॉल्टर घोषित किया जाता है, जिससे भविष्य में शिक्षा, आवास एवं व्यवसाय ऋण प्राप्त करने में कठिनाई होती है। वहीं बेहतर खाता संचालन करने वाले किसानों को सरकार की ऋण माफी योजना का लाभ भी मिलता है।
उन्होंने बताया कि केसीसी ऋण देने में बैंक के लिए कोई निर्धारित सीमा नहीं है तथा सुयोग्य किसानों को खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
इस अवसर पर एफएलसी कमल कुमार, बीटीएम प्रवीण कुमार मिश्रा एवं कृषि पदाधिकारी रामनाथ चौधरी ने भी किसानों को आवश्यक जानकारी दी। शिविर में किसान मित्र वीरेंद्र महतो, मोहम्मद खालिद, रामाशंकर चौबे, चंदेश्वर राम, अशोक महतो, रवि कुमार पांडेय, रामराज राम, संगीता देवी, सुनीता देवी, सुरेंद्र बैठा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।











