Location: Meral
मेराल (गढ़वा), 21 सितम्बर। मेराल हाई स्कूल से नेनूवा
मेराल (गढ़वा), 21 सितम्बर। मेराल हाई स्कूल से नेनूवा मोड़ होते हुए मकूना रेलवे क्रॉसिंग तक बनी सड़क दो वर्ष के भीतर ही जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलजमाव के कारण यह मार्ग अब तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लखेया मोड़ से मेराल हाई स्कूल की ओर जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर गहरे गड्ढों में पानी भरने के कारण छात्र कई बार गिरकर चोटिल हो जाते हैं और कपड़े गंदे होने के कारण स्कूल नहीं जा पाते। स्थानीय लोगों के अनुसार, लखेया मोड़ से नेनूवा मोड़ की ओर जाने वाली सड़क पर भी कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है।
स्थानीय निवासी अखिलेश प्रजापति, मनोज दास, विनय कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि निर्माण के महज दो वर्षों में ही सड़क का टूट जाना निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को दर्शाता है। जलजमाव के कारण सड़क किनारे के दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह सड़क ग्रामीण कार्य विभाग के तहत रजक कंस्ट्रक्शन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई थी। निर्माण की गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठाए जा चुके हैं। स्थानीय विधायक प्रतिनिधि लालमोहन ने भी सार्वजनिक मंचों से इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के एसडीओ अंकुर कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।











