Location: Garhwa
गढ़वा। रंका अनुमंडल क्षेत्र के दूधवल पंचायत के बाराडीह गांव स्थित तितही महुआ टोला में मुखिया इजहार अंसारी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। मृतक के परिजनों का कहना है कि मुखिया द्वारा कहा जा रहा है कि अगर जेल जाने से बचना है तो इस्लाम धर्म अपना लो, नहीं तो जेल जाने को तैयार रहो।
कुछ दिन पूर्व महुआ चुनने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में चार आरोपियों को रंका थाना पुलिस ने 9 अप्रैल को जेल भेज दिया था। मृतक के पक्ष के ही तीन अन्य सदस्य पहले से जेल में हैं। अब उन्हीं का परिवार आरोप लगा रहा है कि मुखिया द्वारा उनके दो बेटों, जो घटना के दिन मजदूरी के लिए बाहर गए थे, को भी फंसाने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित उचित सिंह और लालजी सिंह का कहना है कि वे क्रमशः चेन्नई और छत्तीसगढ़ में मजदूरी कर रहे थे, लेकिन मुखिया उन्हें भी आरोपित करने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि अगर धर्म नहीं बदला तो जेल भेज देगा। दोनों भाइयों का दावा है कि मुखिया द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे परिवार डरा हुआ है और आत्महत्या तक की बात कर रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुखिया इजहार अंसारी पहले भी विवादों में रहे हैं और कुछ माह पूर्व एक युवती को इस्लाम धर्म में लाने और यौन शोषण के आरोप में जेल जा चुके हैं।
इस संबंध में मुखिया इजहार अंसारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई जवाब नहीं दिया।











