Location: Manjhiaon

मझिआंव
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुखदेव हाई स्कूल खेल मैदान में आयोजित MPL टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-4) का भव्य उद्घाटन मंगलवार को किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं युवा समाजसेवी मोहम्मद जी साहब अहमद के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
यह टूर्नामेंट अहमद ग्रुप के सिविल संवेदक सह युवा समाजसेवी मोहम्मद इशहाक अहमद के तत्वावधान में आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे, जिससे आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल को अनुशासन, एकता एवं भाईचारे की भावना के साथ खेलने की अपील की।
मुख्य अतिथि अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करता है।
वहीं आयोजक मोहम्मद इशहाक अहमद ने कहा कि MPL टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने भविष्य में टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की बात कही।
उद्घाटन मुकाबला प्रतापपुर एवं सकरकोनी टीम के बीच खेला गया, जिसमें सकरकोनी टीम ने जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल कमेटी अध्यक्ष सुनील चौहान, सचिव शहबाज खान, जियाउल हक, आयोजन समिति के सदस्यगण एवं स्थानीय युवाओं की सराहनीय भूमिका रही।
अंत में आयोजक मोहम्मद इशहाक अहमद ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।











