Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा)। सांसद विष्णु दयाल राम द्वारा 6 मार्च को लिखित आदेश जारी कर मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के लिए सांसद प्रतिनिधियों का मनोनयन किया गया। इसके तहत मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र के लिए भगवान दत्त तिवारी को सांसद प्रतिनिधि बनाया गया है, जबकि मझिआंव ग्रामीण क्षेत्र के लिए रामजतन पासवान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बरडीहा प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि के रूप में सतीश कुमार यादव को मनोनीत किया गया है।
मनोनीत किए जाने के बाद तीनों प्रतिनिधियों ने सांसद विष्णु दयाल राम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके मार्गदर्शन में कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही उन्हें पार्टी के निर्देशानुसार कार्य करने का निर्देश भी दिया गया है।
इस संबंध में नगर पंचायत क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि भगवान दत्त तिवारी ने बताया कि वे वर्ष 1985 से भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं और तन-मन-धन से पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या से आए “श्री राम शीला पूजन” कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने गांव-गांव जाकर सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई थी। वहीं सतीश कुमार यादव और रामजतन पासवान ने भी पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
तीनों नेताओं को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। बधाई देने वालों में नगर पंचायत मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार चंद्रवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष उमाशंकर यादव, सच्चिदानंद सिंह, ज्योति रंजन ठाकुर, वीरेंद्र पाठक, अनंत तिवारी, सर्वेंद्र पांडेय, अशोक शाह, सुनील पाल, बलराज मेहता, विनय पाठक, धनंजय सिंह, राहुल जायसवाल, अछय विश्वकर्मा, सुनील चौहान, जगदीश पासवान, सीताराम ठाकुर, जोगेंद्र उरांव, सुरेंद्र यादव, प्रदीप तिवारी, बसंत पांडेय सहित अन्य लोग शामिल हैं।