Location: Manjhiaon
मझिआंव :
मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर समाज सुधारक एवं देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में रामपुर पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार पासवान, शिक्षा कार्यक्रम के आयोजक कुलदीप राम, सुजीत कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य लोगों ने भाग लिया और सावित्रीबाई फुले के विचारों को आत्मसात करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसे आज भी आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस मौके पर वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राजेश्वर राम, धर्मेंद्र कुमार, साधु राम समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।











