Location: Manjhiaon
मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र की अध्यक्ष प्रत्याशी सत्येश्वरी दुबे उर्फ सत्या दुबे ने सर्वश्रेष्ठ नगर पंचायत बनाने का संकल्प लेते हुए 14 प्रस्तावित कार्यों को लेकर विकास पत्रिका जारी की। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि नगर पंचायत मझिआंव के भविष्य की दिशा तय करने का समय है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल वादा करना नहीं, बल्कि स्पष्ट प्राथमिकताओं के साथ निरंतर प्रयास और जनता के सहयोग से कार्य करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आशीर्वाद मिलने पर सबसे पहले डबल होल्डिंग टैक्स में राहत दिलाने की पहल की जाएगी।
सत्या दुबे ने युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आईटीआई कॉलेज स्थापना के लिए उच्च स्तर पर प्रस्ताव रखने की बात कही। महिलाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने, बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक वार्ड में समय-समय पर हेल्थ कैंप आयोजित करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने नगर में हरियाली, स्वच्छता और सार्वजनिक बैठने की व्यवस्था विकसित करने के साथ क्षेत्र को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास करने की बात कही, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। हर वार्ड में छठ घाट निर्माण, नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, बिजली-पानी, सड़क और नाली की समस्याओं पर सतत निगरानी रखना तथा किसान हित में कार्य करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत से बाईपास का प्रस्ताव उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही व्यापारी वर्ग को सुविधा, सुरक्षा और सम्मान दिलाने तथा नगर पंचायत को जड़ से भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
सत्या दुबे ने अपील करते हुए कहा कि बैलेट पेपर पर क्रम संख्या 7 पर बक्सा चुनाव चिन्ह छाप पर मतदान कर उन्हें सेवा का अवसर दें।
मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष एसएन त्रिपाठी, अरविंद पाठक, देवेंद्र नाथ दुबे सहित अन्य लोग मौजूद थे।











