Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव निवासी जगन्नाथ चौधरी के 27 वर्षीय पुत्र अजय चौधरी ने मंगलवार देर रात अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना उसी रात फोन के माध्यम से बरडीहा थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई विरेंद्र कुमार को दल-बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना लाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के दो नाबालिग बच्चे हैं। घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके कारण युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक अत्यंत गरीब परिवार से बताया जाता है।
इस संबंध में बरडीहा थाना में यूडी केस कांड संख्या 10/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है











