Location: Manjhiaon
मझिआंव
हरे कृष्णा मझिआंव इस्कॉन के तत्वावधान में चंद्री स्थित शिव मंदिर परिसर में दो दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया गया है। यह आयोजन 26 दिसंबर से 27 दिसंबर तक किया जा रहा है। कथा के शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार, 26 दिसंबर को श्रद्धालुओं द्वारा हरि नाम संकीर्तन सह नगर भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नगर भ्रमण कार्यक्रम शिव मंदिर चंद्री से प्रारंभ होकर ब्लॉक रोड, बकरी बाजार, राधा-कृष्ण मंदिर, तीन मुहान चौक, बस स्टैंड एवं पुरानी अस्पताल होते हुए पुनः शिव मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालु तरसा, डफली, खंजर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ “हरे राम, हरे कृष्ण” के भजनों पर नाचते-गाते हुए भक्ति में लीन नजर आए। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए कैलेंडर सिंह ने बताया कि शिव मंदिर परिसर में 26 एवं 27 दिसंबर को प्रतिदिन संध्या 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा पुराण का आयोजन किया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में उपस्थित होकर श्रीमद् भागवत कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाने की अपील की।
श्रीमद् भागवत कथा के प्रवचनकर्ता डॉक्टर केशवानंद दास हैं। वहीं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भक्ति सिद्धांत दास, गोविंद दास, भारत ऋषिकेश दास, आदित्य चैतन्य दास, गोकुल दास, त्रिभुज दास, गौतम प्रभु सहित अन्य संत-महात्मा उपस्थित रहेंगे। कथा के समापन के पश्चात महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
इस आयोजन में कैलेंडर सिंह, मदन मोहन, विश्वधन कुमार, कुंज बिहारी, अश्वसेन, अरविंद कुमार, गौरांग प्रभु, शक्ति कुमार, अमित कुमार प्रभु, बासुकीनाथ सोनी, आनंद प्रभु, शशिकांत प्रभु, वीरेंद्र विश्वकर्मा, धनंजय मेहता, रामाशीष कुमार, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
नगर भ्रमण एवं कथा आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।











