Location: Manjhiaon
नहाने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
मझिआंव (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के तलशबरियां गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ननिहाल आए 8 वर्षीय लक्की पासवान की बांकी नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार पलामू जिले के पड़वा मोड़ थाना क्षेत्र के लोहड़ी गांव निवासी अनिल पासवान की पत्नी काजल देवी अपने तीन बेटों के साथ मायके तलशबरियां आई हुई थी। रविवार को ही उन्हें वापस लौटना था। दोपहर लगभग 2 बजे अनिल का बड़ा बेटा सन्नी (15) अपने दोनों छोटे भाई काशी (12) और लक्की (8) के साथ नदी में स्नान करने गया।
स्नान करने के बाद सन्नी आगे बढ़ गया, लेकिन छोटे भाइयों को पीछे नहीं पाकर वह दोबारा नदी में लौटा। तभी देखा कि लक्की डूब रहा है। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकालकर रेफरल अस्पताल लाए। डॉक्टर गौरव विक्रम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई संजय कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया
मृतक की मां काजल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से ननिहाल के साथ-साथ पैतृक गांव लोहड़ी में भी मातम छा गया है।











