Location: Manjhiaon
खबर – 1
बरडीहा अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर बना औपचारिकता, प्रचार-प्रसार के अभाव में जिप सदस्य नाराज
मझिआंव: प्रतिनिधि
स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन के निर्देशानुसार बरडीहा अस्पताल परिसर में 8 जनवरी, गुरुवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश, 20 सूत्री अध्यक्ष शिव प्रसाद गुप्ता एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
हालांकि शिविर में अपेक्षित संख्या में मरीज नहीं पहुंचने पर जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश भड़क उठीं। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से कहा कि शिविर का समुचित प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोग लाभ से वंचित रह गए।
जिप सदस्य ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि स्वास्थ्य शिविर गरीब-गुरबों के लिए लगाया जाता है, ताकि उन्हें मुफ्त इलाज और दवाइयां मिल सकें, लेकिन प्रचार के अभाव में उद्देश्य पूरा नहीं हो सका। इससे क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद सेठ से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। शिविर में अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम एवं चिकित्सक उपस्थित थे।
खबर – 2
नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर घंटों जाम, अतिक्रमण बना लोगों की परेशानी का कारण
मझिआंव: प्रतिनिधि
नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने गुरुवार को घंटों जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन इसे देखने वाला कोई जिम्मेदार नजर नहीं आया। जाम के कारण चारपहिया और दोपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो ब्लॉक तीनमुहान से लेकर कन्या मध्य विद्यालय तक फैली रही।
जाम में फंसे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आमजन त्रस्त हैं।
लोगों ने समाचार के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी से मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने तथा जाम से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।
खबर – 3
कंबल वितरण में अव्यवस्था, लाभुकों की भीड़ और असंतोष से घिरी नगर पंचायत
मझिआंव: प्रतिनिधि
नगर पंचायत क्षेत्र में कंबल वितरण को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सभी वार्डों के वृद्ध, असहाय, विधवा और दिव्यांग लोग कंबल नहीं मिलने से खासे नाराज नजर आए। वार्ड नंबर-2 के गणेश राम, रामगहन राम, महावीर रजवार, धन रतिया देवी, शांति देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे ठंड से परेशान हैं, लेकिन नगर पंचायत से कंबल नहीं मिल रहा है, जबकि सक्षम लोगों को कंबल दिए जा रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड स्तर पर सूची नहीं बनाई गई और चुनाव के समय ही जनप्रतिनिधि घर-घर वोट मांगने आते हैं।
इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि सभी 12 वार्डों में मात्र 50-50 कंबल ही उपलब्ध हो पाए हैं, जिससे सभी को कंबल देना संभव नहीं है। सरकार से जितना कंबल प्राप्त हुआ है, उसी के अनुसार पहचान पत्र के आधार पर गरीब और असहाय लोगों को वितरण किया जा रहा है।
गुरुवार को नगर पंचायत के विवाह मंडप में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 235 कंबलों का वितरण किया गया। सीटी मैनेजर जितेश कुमार ने बताया कि वितरण के दौरान दोनों गेटों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण रहा, फिर भी शांति बनाए रखते हुए वितरण किया गया।











