Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। प्रखंड कार्यालय मझिआंव में शनिवार को खुशी का माहौल रहा जब पंचायती राज विभाग में कार्यरत प्रखंड समन्वयक पंकज कुमार यादव के जेपीएससी में चयन की खबर सामने आई। पंकज ने झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 211वीं रैंक प्राप्त कर राज्य कर पदाधिकारी पद हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर पंकज यादव ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर मिठाई बांटी और सहयोगियों के साथ खुशी साझा की। प्रखंड कर्मियों ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और सामूहिक रूप से फोटो खिंचवाकर इस यादगार क्षण को संजोया।
बधाई देने वालों में 15वें वित्त आयोग के कनीय अभियंता अमर कुमार पासवान, कार्तिक कुमार, ऑपरेटर शतीश कुमार सिंह, प्रखंड नाजिर जितेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी प्रधान सहायक शैलेश कुमार, समाजसेवी अनिल ठाकुर सहित अन्य कई लोग शामिल थे।
बताया गया कि पंकज कुमार यादव मूल रूप से मेराल प्रखंड के रेंजों गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वे मझिआंव प्रखंड कार्यालय में प्रखंड समन्वयक पद पर कार्यरत हैं। उनके चयन से न केवल प्रखंड कार्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व की भावना देखी जा रही है।











