Location: Manjhiaon
विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने सोमवार को मझिआंव नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कुल 16 विकास योजनाओं का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार की किसी भी योजना में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदकों को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।विधायक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि विधायक मद से विकास कार्यों के लिए उपलब्ध है। वे स्वयं गांव-गांव जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यह राशि जनहित में सही स्थान पर खर्च हो। उन्होंने कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और गली से परिचित हैं और जहां नाली एवं सड़क की अत्यधिक आवश्यकता है, वहीं योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि विधायक मद की राशि सभी को नहीं मिल पाने के कारण कुछ लोग उनसे नाराज भी रहते हैं, लेकिन विधायक मद की राशि सरकार द्वारा गरीबों और जरूरतमंदों के हित में खर्च करने के लिए दी जाती है। विधायक ने दावा किया कि वे सरकारी राशि के साथ-साथ अपने निजी खर्च से भी राशि जोड़कर योजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराते हैं।इस दौरान विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे नगर पंचायत के सभी वार्डों में जाकर जनउपयोगी योजनाओं का चयन करें, ताकि उन्हें स्वीकृति दिलाने में वे पूरा सहयोग कर सकें।कार्यक्रम का संचालन सिटी मैनेजर राकेश कुमार पाठक ने किया। मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, निवर्तमान उपाध्यक्ष सुनीता देवी, सांसद प्रतिनिधि शोभा जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि भानु प्रताप पासवान एवं वीरेंद्र सोनी, इमरान खान, नगर प्रबंधक जितेश कुमार, प्रधान सहायक अनूप तिवारी, स्वच्छता प्रभारी राकेश श्रीवास्तव, नाजिर अमित पाठक सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।











