Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा): नगर पंचायत मझिआंव चुनाव को लेकर जैसे-जैसे नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशियों ने रोड मार्च और मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गढ़वा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया, वहीं विभिन्न वार्डों से कुल 13 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन पत्र भरा। अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सह प्रत्याशी सुमित्रा देवी, सांसद प्रतिनिधि सह प्रत्याशी शोभा जायसवाल, मारुति नंदन सोनी, झामुमो प्रत्याशी सत्येंश्वरी देवी उर्फ सत्या दुबे, सूर्य देव माली, वीरेंद्र चंद्रवंशी एवं गिरिश पाण्डेय ने अपने समर्थकों के साथ राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर रोड मार्च करते हुए नामांकन किया, जबकि पुष्पक पांडेय उर्फ बिट्टू पांडेय ने सोमवार को ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर दिया था। नामांकन के दौरान मारुति नंदन सोनी, शोभा जायसवाल एवं सत्येंश्वरी दुबे के समर्थकों की ओर से चारपहिया वाहनों की लंबी कतार मझिआंव बस स्टैंड से गढ़वा तक देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस प्रशासन की तत्परता से स्थिति सामान्य रही। नामांकन के बाद निवर्तमान अध्यक्ष सुमित्रा देवी के मझिआंव आवास पहुंचने पर समर्थकों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और रोड मार्च करते हुए राधा-कृष्ण मंदिर में पुनः पूजा-अर्चना की गई। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए वार्ड संख्या 1 से प्रदीप साव, वार्ड 2 से सुनीता देवी व रीता देवी, वार्ड 3 से बसंत कुमार व प्रशांत कुमार दुबे, वार्ड 4 से लक्ष्मी देवी व कुमारी संगीता, वार्ड 5 से सुनील कुमार, वार्ड 7 से निवर्तमान पार्षद पार्वती कुंवर व वीरेंद्र प्रसाद, वार्ड 8 से सुरती कुमारी तथा वार्ड 12 से भगवान शर्मा ने नामांकन किया। मंगलवार को कुल 24 नामांकन फार्मों की बिक्री हुई, जबकि अब तक कुल 60 फार्म बिक चुके हैं। नामांकन के दौरान निर्वाची पदाधिकारी श्रीमती कनक, राजेश कुमार, शिवपूजन तिवारी, नाजीर प्रेम शंकर पाठक, सहायक राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड हैं और अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 उम्मीदवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से 8 ने नामांकन कर दिया है, जबकि एक प्रत्याशी संजय कुमार सिंह का नामांकन बुधवार को होने की संभावना है।











