Location: सगमा
सगमा (गढ़वा) : यूपी सीमा पर स्थित बिलासपुर बाजार भारी बारिश के कारण तालाब में तब्दील हो गया है। इस वजह से सगमा और धुरकी प्रखंडों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे दोनों प्रखंडों के बीच आवागमन बाधित हो गया है।
यह सड़क यूपी के विंधमगंज से होकर एनएच से जुड़ती है और जिला मुख्यालय गढ़वा, डाल्टनगंज होते हुए राजधानी रांची तक जाती है। बिलासपुर बाजार सगमा और धुरकी प्रखंड का प्रमुख बाजार है, जहां से लोग खरीदारी के साथ-साथ ट्रेन पकड़ने के लिए भी गुजरते हैं।
दुकानदारों का कहना है कि एनएचआई द्वारा निर्माण कार्य के दौरान सड़क को ऊंचा करने से पानी का निकास बंद हो गया है। नतीजतन, बाजार में पानी भरकर तालाब जैसी स्थिति हो गई है। सड़क का पानी दुकानों में घुस जाने से दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ग्राहक भी दुकानों तक पहुंचने से कतरा रहे हैं।
इस स्थिति से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे एनएचआई का निर्माण कार्य बाधित करने के लिए सड़क पर उतरेंगे।











