Location: Garhwa
रांची। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड के चेयरमैन श्री सूरज सिंह ने झारखंड भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर श्री सूरज सिंह ने श्री साहू को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान संगठन की मजबूती, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों तथा राज्य के सतत एवं संतुलित विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने राज्य में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
श्री सूरज सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री आदित्य साहू के कुशल नेतृत्व में भाजपा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू ने श्री सूरज सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करना भाजपा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।











