Location: भंडरिया
दिनांक 13.12.2025 की रात्रि को जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक घर का दरवाजा तोड़कर धान कुटने की मशीन एवं अन्य सामानों की चोरी की घटना घटित हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित उद्भेदन के लिए भंडरिया थाना प्रभारी पु0नि0 सुभाष कुमार पासवान के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
गुप्तचरों से प्राप्त सूचना एवं पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापामारी की गई। पुलिस की तत्परता से इस चोरी की घटना का महज 12 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया।
छापामारी टीम ने ग्राम धंसनी मतगढ़ी से दो अभियुक्तों—1) जीतू कच्छप एवं 2) राजेंद्र भुइयां—को रंगे हाथ चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के पास से धान कुटाई की एक मशीन, एक सीसीटीवी वेब कैमरा, एक कंबल, दरवाजे का पर्दा तथा दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में भंडरिया थाना कांड संख्या-57/25 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।











