सगमा (गढ़वा)।
धुरकी थाना क्षेत्र के सगमा गांव स्थित भुईयां टोली में सिविल कोर्ट के आदेश पर बेदखली की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को दर्जनों प्रभावित परिवारों ने सगमा-धुरकी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट (सीनियर डिवीजन) के आदेश पर कोर्ट के नजीर रवि किशोर सिंह, अंचल अमीन एवं पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग एक एकड़ दस डिसमिल भूमि से करीब डेढ़ दर्जन भुईयां परिवारों को हटाया गया। यह भूमि आदिवासी बैगा समुदाय को दखल दिलाने के लिए खाली कराई गई।
बेदखली से आक्रोशित परिवारों ने अपने गृहस्थी के सामान के साथ सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले तीन पीढ़ियों से उक्त भूमि पर रह रहे हैं तथा सभी 16 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास भी मिला है। उनका सवाल है कि यदि जमीन बैगा समुदाय की है तो आवास निर्माण के लिए अंचल कार्यालय से चेक स्लिप कैसे निर्गत की गई, इसकी जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ठंड के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों और गृहस्थी के सामान के साथ वे कहां जाएं। जब तक उन्हें कहीं बसाने की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
सड़क जाम के दौरान सगमा मुखिया तेज राम, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, उप मुखिया मंगलेश यादव, पूर्व बीडीसी अजय यादव, हनुमंत प्रसाद यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
।











