Location: पलामू
तरहसी (पलामू)। तरहसी प्रखंड के परसावां गांव निवासी बिजली मिस्त्री सत्येंद्र मेहता की शनिवार रात परसाई ग्रिड अंतर्गत सुखरो-सेलारी गांव में ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत के दौरान करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र मेहता ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे वे करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पहुंचे और विभागीय अधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद शव को पोल से नीचे उतारा गया।
सूत्रों के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।












