Location: सगमा
सगमा, गढ़वा
धुरकी थाना क्षेत्र के सगमा प्रखंड अंतर्गत मकरी गांव में रविवार की सुबह करंट लगने से 46 वर्षीय युवक बिंदु प्रजापति की मौत हो गई। वह पशुओं को बाहर ले जाने के लिए घर से निकला था, तभी बारिश और तेज हवा के कारण टूटकर गिरे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर जुट गए। लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने मीटर तो लगा दिया, लेकिन सुरक्षित कनेक्शन देने के लिए उचित केबल की व्यवस्था नहीं की गई। उपभोक्ता खुद ही घटिया तार जोड़कर बिजली उपयोग करने को विवश हैं। यदि विभाग ने सही तरीके से कनेक्शन दिया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही धुरकी थाना के एसआई सुभाष अकेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी के साथ दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद प्रखंड प्रमुख अजय शाह व मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और कहा कि यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही का परिणाम है। विभाग को इसकी लिखित शिकायत दी जाएगी तथा सरकार से मुआवजा दिलाने और विधवा को आर्थिक सहायता देने का प्रयास किया जाएगा।
सांत्वना देने वालों में पूर्व जिला परिषद सदस्य नंद गोपाल यादव, पूर्व मुखिया इशहाक अंसारी, भाजपा नेता राजेश जयसवाल, धीरज जयसवाल, रामचंद्र शाह, सोनू मौर्या, विनोद ठाकुर, अशोक कुशवाहा और विजय यादव सहित कई लोग शामिल थे।











