Location: सगमा
सगमा। प्रखंड क्षेत्र के बीरबल गांव स्थित ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, महिला सुरक्षा और डायन प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों से बचने की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी ने बच्चों को खासतौर पर डिजिटल नशा यानी मोबाइल और इंटरनेट की लत से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई और मानसिक विकास पर बुरा असर डालता है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
इस मौके पर उन्होंने स्कूल के दिव्यांग शिक्षक अजय यादव की सराहना करते हुए कहा कि विकलांगता के बावजूद शिक्षा में उनका योगदान प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन सह पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इसहाक अंसारी, डायरेक्टर महताब आलम, प्रधानाध्यापिका बेबी खातून, शिक्षक योगेंद्र कुमार यादव, राम विनय यादव, विकास ठाकुर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।











