Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। थाना क्षेत्र के टरहे पंचायत अंतर्गत बलींगढ़ गांव निवासी 57 वर्षीय रामा रजवार की रविवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रामा रजवार घर से कुछ दूर सिंचाई के लिए खींचे गए एलटी तार के संपर्क में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी को दी गई। उनके निर्देश पर एसआई चंदन प्रधान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रामा रजवार अत्यंत गरीब परिवार से थे और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने प्रखंड के बीडीओ, अनुमंडल पदाधिकारी और उपायुक्त से सरकारी सहायता की गुहार लगाई है।











