Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने नगर पंचायत की पोल खोल दी है। हालात यह हैं कि नगर पंचायत क्षेत्र का वार्ड नंबर चार, मझिआंव खुर्द मोहल्ला, राधा कृष्ण मंदिर के सामने स्थित इलाका पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
लोगों को आवाजाही के लिए ट्यूब का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यह स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पिछली बारिश में भी लोगों को एक सप्ताह तक इसी समस्या से जूझना पड़ा था।
लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण इस बार स्थिति और गंभीर हो गई है। लोगों को लगभग डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर आना-जाना पड़ रहा है। मजबूरन कई लोग भरे पानी से गुजरने के लिए हनुमान चालीसा पढ़ते हुए पार करने को विवश हैं।
लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने अविलंब कार्यपालक पदाधिकारी से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।











