Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा), प्रतिनिधि:
बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर गांव निवासी मोहम्मद आसिफ राजा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आसिफ राजा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के ही शंभु रजवार एवं उनके परिवार द्वारा षड्यंत्रपूर्वक उन पर पांच झूठे केस दर्ज कराए गए हैं।
आवेदन के अनुसार, शंभु रजवार द्वारा उन पर एससी/एसटी एक्ट, छेड़छाड़, मारपीट, बलात्कार तथा आगलगी जैसे गंभीर आरोपों में अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आसिफ राजा का कहना है कि यह सभी मामले जमीन विवाद से जुड़े हैं, जो पिछले एक वर्ष से चल रहा है।
विवादित भूमि खाता संख्या 247, प्लॉट संख्या 2378, रकबा 1 एकड़ 24 डिसमिल की है। आसिफ राजा का कहना है कि यह झारखंड सरकार की भूमि है, जिस पर उनके पूर्वज वर्षों से जोत-कोड़ करते आ रहे हैं। वहीं, शंभु रजवार का कहना है कि उक्त भूमि पर उनके पूर्वजों का भी कब्जा रहा है और उन्हें यह जमीन दान में मिली थी।
इस संबंध में बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के जमीन संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त भूमि सरकारी जमीन है, जिस पर दोनों पक्ष कब्जे का दावा कर रहे हैं।
आसिफ राजा ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि शंभु रजवार ने मनरेगा योजना के तहत सिंचाई कूप निर्माण में जालसाजी की थी। जांच में यह शिकायत सही पाई गई, जिसके आधार पर डीडीसी के निर्देश पर आदर पंचायत सचिव ललन बैठा ने शंभु रजवार के खिलाफ बरडीहा थाना कांड संख्या 58/25, धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
वहीं, दूसरी ओर शंभु रजवार ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से उक्त विवादित भूमि पर धारा 144 लागू कराने के लिए मंगलवार को आवेदन दिया है। इसकी प्रतिलिपि उपायुक्त, एसडीओ और डीएसपी को भी सौंपी गई है।











