मझिआंव थाना क्षेत्र में चोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। बकोंइया गांव से 3 दिसंबर की रात चोरी हुई तीन गायों को पुलिस ने गढ़वा शहर के ऊंचरी मोहल्ले से बरामद कर लिया है। इस मामले में बकोंइया निवासी शिवनारायण चौधरी के पुत्र चंदन कुमार चौधरी ने मेराल थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव निवासी असलम खान के पुत्र सलीम खान के खिलाफ मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, 3 दिसंबर की रात चंदन चौधरी की एक गाय घर के बाहर बंधी थी जबकि उसका बछड़ा घर के अंदर था। इसी दौरान गाय को चोरी कर लिया गया। वहीं, स्वर्गीय सीताराम पासवान के पुत्र मटूकी पासवान की दो गाय भी उसी रात चोरी हो गईं। काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि तीनों गाय गढ़वा के बाजार समिति के पास ऊंचरी मोहल्ले में एकबाल कुरेशी के पास हैं। पूछताछ में एकबाल कुरेशी ने बताया कि उन्होंने ये गाय 19 हजार रुपये में खरीदी थी, और यह खरीद मेराल के टिकुलडिहा गांव निवासी सलीम खान से की गई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा वहां से तीनों गाय बरामद कर ली गईं।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। एएसआई आलोक कुमार ने तीनों गायों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।











