Location: Garhwa
गढ़वा। जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव के नाम और फोटो का उपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है। इस अकाउंट के माध्यम से आम नागरिकों को “मईंयां सम्मान योजना” के नाम पर कॉल कर उनकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण और गोपनीय सूचनाएं मांगी जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त अथवा किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा व्हाट्सएप या व्यक्तिगत कॉल के माध्यम से इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं मांगी जाती है। यह कृत्य पूरी तरह से फर्जी है और साइबर अपराध की श्रेणी में आता है।
इस मामले में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज का उत्तर न दें, और न ही कोई गोपनीय जानकारी साझा करें। यदि इस तरह की कोई गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या गढ़वा साइबर सेल को दें।
प्रशासन ने आमजन से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए बताया कि मामले की जांच हेतु आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।











