Location: पलामू
पलामू जिले में फर्जी अधिकारी बनकर अफसरों को गुमराह करने का मामला सामने आया है। हुसैनाबाद थाना पुलिस ने खुद को 2014 बैच का ओडिशा कैडर आईएएस और सीएओ बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में लगातार विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद सच्चाई उजागर हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी किसी भी सरकारी सेवा में नहीं है। हुसैनाबाद अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी मोहम्मद एस याकुब ने बताया कि आरोपी राजेश कुमार ने स्वीकार किया है कि वह पिछले 6–7 वर्षों से फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था।
गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आईपीटीएएफएस आईडी कार्ड, मोबाइल फोन, कोचिंग संस्थान का आईडी कार्ड और उसकी कार पर लगा “भारत सरकार, सीएओ दूरसंचार विभाग” लिखा हुआ नकली नेम बोर्ड बरामद किया गया है।











