Location: सगमा
सगमा/गढ़वा। गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ धुरकी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापन हेतु गढ़वा भेजा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए थाना क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न अपराधों में संलिप्त और लंबे समय से फरार चल रहे चार अपराधियों को धर-दबोचकर न्यायालय भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम पुतुर निवासी सुनील प्रजापति, ग्राम लोलकी निवासी रामजीत कुशवाहा, ग्राम परासपानी कला निवासी अवतार सिंह उर्फ राम अवतार सिंह तथा ग्राम भंडार निवासी अमृत कोरवा शामिल हैं।
थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने फरार अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि धुरकी थाना क्षेत्र में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि थाना क्षेत्र को भयमुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है तथा सभी अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर धुरकी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।











