Location: Garhwa
700 बोरा यूरिया खाद जब्त, चालक फरार – वैध कागजात अब तक प्रस्तुत नहीं
गढ़वा। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त तत्परता से खाद की अवैध ढुलाई का बड़ा मामला उजागर हुआ है। गुप्त सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में बीती रात लगभग 700 बोरा यूरिया खाद से लदा ट्रक जब्त किया गया। यह कार्रवाई चिनियाँ थाना पुलिस और प्रशासनिक दल द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
27 अगस्त की रात्रि करीब 10:30 बजे गश्ती के दौरान चिनियाँ थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम बिलैतीखैर के पास से खाद से भरा एक संदिग्ध ट्रक गढ़वा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन लगभग 11:05 बजे पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। अंधेरे का लाभ उठाकर वह फरार हो गया।
जांच के दौरान ट्रक में पीले रंग के बोरे में भरा लगभग 700 बोरा यूरिया खाद बरामद हुआ, जिस पर प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना (BHARAT UREA – HURL) अंकित है। मौके पर किसी भी प्रकार के वैध कागजात नहीं मिले।
घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर ट्रक को जब्त कर खाद सहित चिनियाँ थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। खाद की वैधता सुनिश्चित करने के लिए जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान ने सैंपल लेकर जांच हेतु भेजा है।
फिलहाल चालक अथवा वाहन स्वामी की ओर से कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने प्रशासनिक टीम की इस संयुक्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि खाद की कालाबाज़ारी एवं अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा इसमें लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











