गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने 19 जुलाई 2025 को नगर ऊंटारी और श्री बंशीधर नगर क्षेत्र का दौरा कर प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकारा (सब-जेल) नगर ऊंटारी का स्थलीय मुआयना किया, जहां भवन निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, जल-विद्युत आपूर्ति तथा कैदियों की मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कर शीघ्र उपकारा को संचालन में लाया जाए। उन्होंने जेल परिसर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि उपकारा को आगामी वर्ष की शुरुआत से चालू करने का लक्ष्य निर्धारित है।
इसके बाद उन्होंने झारखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित बिलासपुर चेक पोस्ट का दौरा किया और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-39) पर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने, वाहनों की नियमित जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने नगर ऊंटारी प्रखंड के अंतर्गत अनुमंडल कार्यालय श्री बंशीधर नगर, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय नगर ऊंटारी एवं नगर पंचायत कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित पाए गए। उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की और उपस्थित कर्मियों से संवाद कर सरकारी कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि नगर ऊंटारी प्रखंड कार्यालय परिसर में साइकिल असेंबलिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसे उन्होंने अनुचित ठहराते हुए उस पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकारी परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। यदि किसी कार्यालय में अनुपस्थिति या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय पर उपस्थिति एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस निरीक्षण अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी सह जेल अधीक्षक गढ़वा श्री संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नगर ऊंटारी श्री प्रभाकर मिर्धा, कार्यपालक अभियंता श्री प्रेमलाल सिंह, अंचल अधिकारी श्री विकास कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।











