Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): भैया रुद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय, सगमा के प्रांगण में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना का विकास करना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना था।
समापन समारोह में बीपीएम कविता कुमारी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह बच्चों के मानसिक संतुलन और शारीरिक सेहत को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की।
इस अवसर पर सगमा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 20 शिक्षकों ने प्रतियोगिता के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों ने बच्चों को तैयार करने और प्रोत्साहित करने में अपनी जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, सील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। बच्चों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और आगे जिला एवं राज्य स्तर तक पहुँचने की प्रेरणा मिलती है।
समापन अवसर पर खेल प्रतियोगिता शिक्षक प्रभात कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार यादव, शिक्षक सुल्तान अंसारी, पंकज राय, नंदकिशोर यादव, सुनय राम, जयराम प्रसाद यादव, निशा यादव, उषा यादव, अभिषेक गौतम, पीएलवी प्रफुल कुमार यादव, प्रदुमन मिंज, शिव शंकर लाल, आनंद कुमार, रामलाल मेहता, राजा रंजन मिश्रा, सुनील कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
अंत में पदाधिकारियों ने आशा जताई कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में प्रोत्साहित करते रहेंगे और झारखंड के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, देश का भी नाम रोशन करेंगे।











