Location: मेदनीनगर
मेदिनीनगर/पलामू : रिश्तों को तार-तार करने वाली एक हृदय विदारक घटना में बेटे ने ही अपने पिता की जान ले ली। तीन दिन पहले पड़वा थाना क्षेत्र के कजरमा गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्यारे भुइयां को उनके ही 20 वर्षीय बेटे कारु कुमार ने मौत के घाट उतार दिया। नशे में धुत कारु घर में गाना बजाकर नृत्य कर रहा था। उसी दौरान पिता घर पहुंचे और उसे टोका। बात बढ़ी तो बेटे ने आपा खो दिया। उसने पहले सब्बल से हमला कर पिता की आंख फोड़ दी और फिर रस्सी से गला घोंटकर उन्हें हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
हत्यारे बेटे की निर्दयता यहीं तक नहीं रुकी। वह शव को जलाने की तैयारी में था, लेकिन तभी गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मौके से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और रस्सी भी बरामद हुई।
इस घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटे से बुढ़ापे का सहारा मिलने की उम्मीद होती है, वही पिता का हत्यारा बन गया। लोग कहते हैं कि यह सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों के प्रति विश्वास और सम्मान की भी निर्मम हत्या है











