Location: Manjhiaon
मझिआंव। मानसून की पहली झमाझम बारिश ने ही नगर पंचायत क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शुक्रवार की शाम करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद नगर पंचायत के कई वार्डों में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। सबसे अधिक परेशानी वार्ड नंबर 5 में देखने को मिली, जहां सड़क और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्व. हृदय राम चंद्रवंशी के घर के समीप स्थित डुमरिया देव स्थल बांध के तीन मुहान के पास खाली जमीन में पहली ही बारिश के बाद जल जमाव हो गया। लोगों का कहना है कि पीसीसी सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए आवश्यक पाइप नहीं लगाए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। यदि निर्माण कार्य के समय उचित जल निकासी व्यवस्था की गई होती तो बारिश का पानी आसानी से निकल जाता और जल जमाव की समस्या नहीं होती।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नगर पंचायत के अन्य कई वार्डों में भी जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश का मौसम अभी शुरू ही हुआ है, ऐसे में आगे लगातार वर्षा होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
नगरवासियों का कहना है कि यदि नगर पंचायत प्रशासन समय रहते जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं करता है तो पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी लोगों को जल जमाव, आवागमन में परेशानी और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।











