Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): कांडी प्रखंड अंतर्गत सरकोनी पंचायत के युवा मुखिया सुबोध कुमार वर्मा इन दिनों अपने जनसेवी प्रयासों को लेकर जनता के बीच चर्चा में हैं। वजह साफ है — जहां आमतौर पर लोग योजनाओं के लाभ के लिए पंचायत कार्यालय का चक्कर लगाते हैं, वहीं यहां सुविधा खुद चलकर लोगों के घर पहुंच रही है।
मुखिया सुबोध कुमार वर्मा ने पंचायत के सेमौरा, सरकोनी, डेमा, सतबहिनी, करमा, महुली और केवाड़ी सहित सभी गांवों का भ्रमण कर वृद्धा पेंशन योजना से जुड़े लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य स्वयं की निगरानी में शुरू करवाया है। इस पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस दौरान मुखिया सुबोध वर्मा ने कहा, “मेरे कार्यकाल में मेरी कोशिश रहेगी कि मेरे पंचायत क्षेत्र के किसी भी नागरिक को सरकारी योजनाओं के लिए भटकना न पड़े। सुविधा सीधे उनके घर तक पहुंचे — यही मेरी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर जनता ने मुझ पर विश्वास कर प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है, तो अंतिम सांस तक मैं उनकी हर समस्या को अपनी समस्या मानकर समाधान की दिशा में प्रयास करता रहूंगा।”











