Location: Garhwa
गढ़वा से दो तथा श्रीबशीधर नगर से एक प्रत्याशी ने लिया नामांकन वापस
नगर निकाय (आम) चुनाव–2026 के तहत गढ़वा जिले के तीनों नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन वापसी की अंतिम तिथि थी। संवीक्षा (स्क्रूटनी) के बाद अध्यक्ष पद के लिए कुल 34 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे थे, जिनमें से आज तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया।
नाम वापसी के दौरान गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र से दौलत सोनी की पत्नी संध्या सोनी एवं जितेंद्र सिंन्हा ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन वापस लिया। वहीं नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर से रुखसाना खातून ने नामांकन वापस लिया। नगर पंचायत मंझिआंव क्षेत्र से किसी भी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया।
तीन प्रत्याशियों द्वारा नामांकन वापस लिए जाने के बाद अब गढ़वा जिले में अध्यक्ष पद के लिए कुल 31 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें गढ़वा नगर परिषद से 12, नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर से 10 तथा नगर पंचायत मंझिआंव से 9 प्रत्याशी शामिल हैं।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब तीनों नगर निकायों में अध्यक्ष पद की अंतिम चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो गई है।











