Location: Manjhiaon
मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर मंगलवार को गढ़वा जेल भेज दिया।
थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार धुरकी थाना क्षेत्र के कटहल खुर्द गांव निवासी राजेंद्र उरांव के पुत्र सूरज उरांव पर मझिआंव थाना क्षेत्र की एक नाबालिग युवती के अपहरण का आरोप है। इस संबंध में नाबालिग युवती के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया था।
प्रभारी थाना प्रभारी संजय कुमार मुंडा ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 150/25, धारा 137(2)/87 बीएनसी के तहत 22 दिसंबर को मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। तत्परता दिखाते हुए टेक्निकल सेल की सहायता से पुलिस ने नाबालिग युवती के साथ आरोपी सूरज उरांव को उत्तर प्रदेश के रेणुकूट स्थित पिपरी से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग युवती को मेडिकल जांच एवं धारा 164 के अंतर्गत बयान दर्ज कराने के लिए एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह द्वारा गढ़वा भेजा गया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।











