Location: Manjhiaon
मझिआंव, प्रतिनिधि।
नाग पंचमी के अवसर पर मंगलवार को मझिआंव और बरडीहा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना कर नाग देवता को दूध अर्पित किया और मीठा भोजन कर व्रत का पालन किया।
नगर पंचायत क्षेत्र के चंद्री स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने नाग देवता को दूध पिलाया और भोलेनाथ से मन्नतें मांगीं। इस अवसर पर सचिदानंद सिंह मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे, जिनके द्वारा पूजा के उपरांत ध्वजारोहण किया गया। आयोजन का नेतृत्व राधा कृष्ण मंदिर के महंत केशव नारायण दास ने किया, जबकि पूजा-अर्चना मंदिर के पुजारी अखिलेश पाठक ने सम्पन्न कराई।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तों को महाप्रसाद स्वरूप मीठा खीर वितरित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में सचिदानंद सिंह, सुनील सिंह, मथुरा प्रसाद गुप्ता, बलराम शर्मा, नंदलाल प्रजापति, मनु सिंह, संजीव सिंह, विक्की सिंह, योगेंद्र साव उर्फ फुटानी साव, देवनाथ शर्मा समेत कई श्रद्धालु सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जानकारों के अनुसार नाग पंचमी के दिन नमक का सेवन वर्जित माना जाता है, क्योंकि इससे नाग देवता रुष्ट हो सकते हैं। इसी परंपरा का पालन करते हुए भक्तों ने पूरे दिन मीठा भोजन ग्रहण किया।
इस पावन अवसर पर मझिआंव प्रखंड के चंद्री प्राचीन शिव मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, देवी मंदिर, खजुरी मनोकामनाेश्वर महादेव मंदिर, दुबे तले शिव मंदिर, गोपालपुर शिव मंदिर, मोरबे सूर्य मंदिर, जबकि बरडीहा प्रखंड के श्रुगारी टोला शिव मंदिर, सेमरी मारे गुरु शिव मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने नाग देवता और भोलेनाथ से अपने जीवन में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
पूरे दिन विभिन्न स्थानों पर भजन-कीर्तन व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा, जिससे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।











