Location: Garhwa
गढ़वा: नगर परिषद गढ़वा द्वारा जनहित में तीन महत्वपूर्ण वार्डों में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। लंबे समय से वार्ड संख्या 9 दीपवा मोहल्ला बांध पर, वार्ड संख्या 14 हनुमान नगर और वार्ड संख्या 15 शिव बच्चू चाचा की गली में नाली और सड़क निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दिनों में इन इलाकों में स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी।
दीपवा मोहल्ला वार्ड 9 में तो नाली का पानी सड़क पर बह जाने से पूरा रास्ता कीचड़युक्त हो जाता था, जिससे आमजन, स्कूली बच्चे और महिलाएं बड़ी मुश्किल से आवागमन करते थे।
जनसमस्याओं को देखते हुए निवर्तमान अध्यक्ष के प्रतिनिधि संतोष केशरी ने स्थानीय जनता की मांग को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के समक्ष रखा। कार्यपालक पदाधिकारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए स्वयं तीनों स्थलों का निरीक्षण किया और तत्परता दिखाते हुए तीनों वार्डों में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की।
अब तीनों वार्डों में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी राहत मिली है। लोगों ने कहा कि अब उन्हें बारिश या गंदे पानी से होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
इस सराहनीय कार्य के लिए क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद गढ़वा की पूरी टीम, कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार तथा सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को धन्यवाद दिया। लोगों ने कहा कि यह कदम न केवल विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल है, बल्कि यह दर्शाता है कि नगर परिषद गढ़वा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार तत्पर है।











