Location: सगमा
सगमा, गढ़वा:
धुरकी प्रखण्ड अंतर्गत खाला गांव के कचचरवा टोला में संत शिरोमणि रविदास जयंती समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। समारोह की शुरुआत संत शिरोमणि रविदास जी, गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
समारोह से पूर्व ग्रामीणों द्वारा संत रविदास जी के चित्र के साथ गांव में भ्रमण किया गया। इस दौरान “महात्मा रविदास जी अमर रहें” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व जिला मंत्री इंद्रमणि जयसवाल ने संत रविदास जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत संतों की भूमि है, जहां एक से बढ़कर एक महापुरुषों का अवतरण हुआ है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी को संत शिरोमणि की उपाधि दी गई और उनके द्वारा बताए गए भक्ति मार्ग आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं।
वहीं समारोह को संबोधित करते हुए सीताराम देहाती ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने हिंदू समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा दी, जिसे हम सभी को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
समारोह की अध्यक्षता प्रेमचंद राम ने की, जबकि संचालन राम बिशन राम द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। प्रमुख रूप से पूर्व उप प्रमुख प्रभु शंकर जयसवाल, भुवनेश्वर राम, राम भरोसे राम, मुखलाल राम, नीरज कुमार, काशी राम एवं विनय राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।











