धुरकी (गढ़वा)।
प्रखंड के फाटपानी गांव में बुधवार की रात एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें सांप के डंसने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में नरेश भुईयां का 8 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार एवं अखिलेश भुईया की 10 वर्षीय पुत्री बीनू कुमारी शामिल हैं। दोनों आपस में ममियावत भाई बहन के रिश्ते में थे।
जानकारी के अनुसार, बीनू कुमारी टाटिदिरी गांव की निवासी थी और इन दिनों अपने मामा नरेश भुईया के घर फाटपानी आई हुई थी। बच्चों के माता-पिता बिहार में मजदूरी के लिए गए हुए हैं। बुधवार को दिन में एक सांप घर में निकला था, जिसे परिजनों ने मार दिया था। रात में बच्चे खाना खाकर जमीन पर सो गए, जबकि दो अन्य बच्चे पास की चारपाई पर थे।
सुबह जब चारपाई पर सो रहे बच्चों ने देखा कि जमीन पर सोए दोनों बच्चे नहीं उठ रहे हैं, तो उन्होंने घरवालों को इसकी जानकारी दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो दोनों बच्चों को बेहोश पाया। आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी अन्य सांप ने सोते समय दोनों बच्चों को डंस लिया।
परिजनों ने बच्चों को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन घर में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना रिश्तेदारों और बच्चों के माता-पिता को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजने का निर्देश दिया। विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव ने बताया कि बच्चों के माता-पिता घर पर नहीं थे, ऐसे में पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है।
गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।











