Location: सगमा
सगमा, गढ़वा — धुरकी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत थाना क्षेत्र के सगमा गांव में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने लगभग 70 किलोग्राम जावा महुआ के साथ शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को नष्ट किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सगमा गांव में छापामारी की गई। छापेमारी के दौरान शराब निर्माण स्थल से करीब 70 किलो जावा महुआ बरामद किया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा मौके पर ही बरामद जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, साथ ही शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को भी विनष्ट किया गया। थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा से जुड़ा अवैध कारोबार हो रहा हो, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
उन्होंने अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











