Location: सगमा

सगमा, गढ़वा। धुरकी पुलिस जहां अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभा रही है, वहीं मानवीय सेवा के कार्यों में भी आगे बढ़कर योगदान दे रही है। इसी क्रम में बुधवार को धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए थाना क्षेत्र के आदिम जनजाति बहुल पारास पानी कला और गनियारी खुर्द गांवों में जाकर तीस जरूरतमंद एवं वृद्ध लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।
कंबल पाकर लाभुकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और इसे संवेदनशील तथा प्रशंसनीय कदम बताया। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने कहा कि इंसान का सबसे बड़ा धर्म सेवा भाव है। उन्होंने कहा कि कंबल वितरण के बाद जो आंतरिक संतोष और अनुभूति मिली, उसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अवसर मिलने पर असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही जीवन का वास्तविक लक्ष्य होना चाहिए।











