Location: पलामू
मेदिनीनगर। पाटन थाना क्षेत्र के रजहरा गांव निवासी मोहिदीन अंसारी के पुत्र मोहम्मद गुलाम वारिस (उम्र 28 वर्ष) की गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, वारिस पाटन के किशनपुर गांव में सिंगार स्टोर चलाते थे। रात को दुकान बंद करने के बाद वे घर लौटने की तैयारी में एक ठेले के पास खड़े थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की टीम—एएसआई सुशीला टीटू, नीरज सिंह, शशि रंजन पांडे, और जवान महेंद्र कुमार व विकास कुमार मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। इधर, हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











