
Location: कांडी
कांडी। थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव में 30 मई की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय संजय राम की जान चली गई। घटना के संबंध में मृतक के पिता रामगहन राम ने कांडी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय राम रात में शौच के बाद घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (नं. जेएच 14 जे 9435) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक चालक की पहचान महेंद्र कुमार साव (पिता स्व. बैजनाथ साव, ग्राम करकट्टा, थाना मझिआंव, जिला गढ़वा) के रूप में हुई है। बताया गया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और वह लापरवाही से वाहन चला रहे थे।
हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय राम को पहले माझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर गढ़वा सदर अस्पताल और वहां से मेदिनीनगर रेफर किया गया। लेकिन मेदिनीनगर पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक पर सवार दो युवक मौके से भाग निकले, जबकि चालक शुरू में घायल को लेकर गया, लेकिन गढ़वा पहुंचने के बाद वह भी फरार हो गया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और उसे थाने लाया गया है। इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि थाना कांड संख्या 49/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर करेगी।