Location: Meral
मेराल। मेराल प्रखंड के मकुना टोला में रविवार को तालाब में नहाने गए अशोक सिंह (40) की डूबने से मौत हो गई। वह वार्ड नंबर-3 की वार्ड सदस्य फूलमती देवी के पति थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे अशोक सिंह मवेशी चराने के दौरान गर्मी से बचने के लिए तालाब में नहाने उतरे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उसी समय कुछ महिलाएं तालाब में कपड़ा धो रही थीं। उनके अनुसार, अशोक काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आए तो उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी।
स्थानीय लोग तुरंत तालाब में उतरकर खोजबीन करने लगे। सूचना मिलने पर मुखिया पति मुन्ना राम, समाजसेवी जफीर अंसारी सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी विष्णु कांत को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने एनडीआरएफ को सूचित किया, लेकिन टीम देर से पहुंची।
लगातार खोज के बाद सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे, यानी 18 घंटे बाद, स्थानीय लोगों ने टायर और अन्य उपकरणों की मदद से शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। इस दौरान थाना प्रभारी विष्णु कांत भी घटनास्थल पर मौजूद थे।
अशोक सिंह की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेजा गया। शव खोज में निजाम अंसारी, शंकर सिंह, मुख्तार अंसारी, बालेश्वर सिंह, प्रदीप सिंह, मुमताज अंसारी, जयकुमार सिंह, महेंद्र सिंह, रशीद अंसारी और सनोज कुमार सहित कई लोगों ने अहम भूमिका निभाई।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए शव को बाहर निकाला। उनकी बहादुरी के लिए थाना प्रभारी ने ₹2000 देकर उनका उत्साहवर्धन किया











