Location: Meral
मेराल। थाना क्षेत्र के रजहारा गांव में डायन का आरोप लगाकर प्रताड़ना से तंग आकर पारा शिक्षक लतीफ अंसारी की पत्नी कैमून बीबी ने सोमवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका के पति लतीफ अंसारी ने थाना में आवेदन देकर बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे गांव के ही लियाकत अंसारी, कैमुद्दीन शेख, गुलशन बीबी, अफसाना बीबी समेत पांच-छह अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे और पत्नी को डायन कहकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने बीमारी में खर्च लाखों रुपये वापस करने का दबाव बनाया और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो गांव में नहीं रहने देंगे तथा जान से मार देंगे।
लतीफ के अनुसार, लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उनकी पत्नी ने जहर खा लिया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











