Location: सगमा
सगमा (गढ़वा):
कड़ाके की ठंड से प्रभावित जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सगमा प्रखंड के मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी समूह द्वारा बुधवार को डोर-टू-डोर कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समूह के सदस्यों ने विभिन्न गांवों में जाकर ठंड से ठिठुर रहे गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सर्वेश्वरी आश्रम के प्रबंधक बिहारी राम ने बताया कि आश्रम द्वारा प्रत्येक वर्ष सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्य किए जाते हैं। पूर्व में कंबल वितरण आश्रम परिसर में किया जाता था, लेकिन अनुभव से यह सामने आया कि एक स्थान पर वितरण होने से कई वास्तविक जरूरतमंद लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए सर्वेश्वरी समूह द्वारा यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कंबल वितरण डोर-टू-डोर किया जाए, ताकि सहायता सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच सके। इस क्रम में बुधवार को परास पानी कला, घघरी, झुनका, बीरबल, मकरी एवं रक्सी गांव में जाकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
बिहारी राम ने यह भी बताया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रखंड के अन्य गांवों में भी कंबल के साथ-साथ गरम कपड़ों का वितरण किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।
इस सामाजिक कार्य में सहयोग देने वालों में मुख्य रूप से मंत्री रमेश प्रसाद यादव, डॉ. कृष्ण गुप्ता एवं बबलू मौर्य का नाम शामिल है। स्थानीय लोगों ने सर्वेश्वरी समूह की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता के लिए एक सराहनीय प्रयास बताया।











