Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (प्रतिनिधि): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता एवं विधायक अनंत प्रताप देव के पुत्र मानवेंद्र प्रताप देव ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता आयोजित कर पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भानु प्रताप शाही चुनावी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते वे सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक टिप्पणियां कर रहे हैं।
मानवेंद्र ने कहा कि, “पूर्व विधायक का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। उन्हें मानसिक उपचार की आवश्यकता है। वे लगातार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया कि जिले के उपायुक्त दिनेश कुमार यादव सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन भानु प्रताप शाही सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी पोस्ट कर जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
मानवेंद्र प्रताप देव ने स्पष्ट किया कि उनके पिता अनंत प्रताप देव और विश्रामपुर विधायक नरेश सिंह ने उपायुक्त के विरुद्ध मुख्यमंत्री को कोई भी शिकायत या आवेदन नहीं दिया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक पोस्ट करना बंद नहीं किया गया, तो झामुमो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कड़ा जवाब देंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, जिप सदस्य धर्मराज पासवान, जीतन ठाकुर, शिवकुमार यादव, शैलेश यादव, लाला यादव, बालेश्वर यादव, तेज बहादुर सिंह, बबलू पांडेय, साकेत सिंह, सुरेश प्रसाद, बसंत प्रसाद, अजमल अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।











