Location: Manjhiaon
—
मझिआंव (प्रतिनिधि)। बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर गांव में रैयती जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराने का मामला सामने आया है। गांव के दलित परिवार शंभू रजवार ने बरडीहा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि आसिफ अंसारी सहित आठ लोगों ने जबरन उनके रैयती खतियानी जमीन को ट्रैक्टर से जोत दिया।
शंभू रजवार का आरोप है कि मना करने पर विपक्षियों ने जातिसूचक गालियाँ दीं और मारपीट की। साथ ही आसिफ रजा ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना 8 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे की बताई गई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष 6 जून को भी इसी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें केस संख्या 35/2024 के तहत एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शंभू रजवार ने कहा कि गरीब व दलित समझकर विपक्षियों ने दोबारा उनकी जमीन पर जबरन जुताई कर दी है। उन्होंने थाना प्रभारी से न्याय की गुहार लगाई है।
दूसरी ओर, आसिफ रजा ने कहा कि उक्त जमीन पर उनका पुराना दखल है और वे वर्षों से उसकी जोत-कोड़ करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि “ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह से रसीद कट रही है, और एसडीओ कोर्ट में इस संबंध में आवेदन पर सुनवाई भी हो चुकी है। थाना एवं सीओ के संयुक्त हस्ताक्षर से नोटिस मिला था, जिसमें हमने अपने प्रमाण के साथ पक्ष रखा था। मारपीट के आरोप निराधार हैं।”
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। घायल पक्ष को इलाज हेतु भेजा गया है, तथा मामले की जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “पिछले वर्ष दर्ज एससी/एसटी एक्ट मामले में न्यायालय में गवाही शुरू हो चुकी है, उस पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।”
अंचल पदाधिकारी सह बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि “मामले की जांच राजस्व कर्मचारी से कराई जा रही है। जरूरत पड़ने पर अंचल अमीन से जमीन की मापी कराई जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।”











