Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर: थाना क्षेत्र के कुंबा खुर्द ग्राम के अमरसरई टोला स्थित जंगल के नाले में शनिवार की शाम एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की पहचान कुंबा खुर्द निवासी कामेश्वर अगरिया के 20 वर्षीय पुत्र आशीष अगरिया के रूप में की गई।
स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, आशीष 11 सितंबर को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, जो अगले दिन भी जारी रही, परंतु कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार की शाम ग्रामीणों से सूचना मिली कि अमरसरई टोला के जंगल स्थित नाले में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान आशीष के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि आशीष की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाया करता था। उन्हें आशंका है कि इसी कारण वह रास्ता भटककर जंगल की ओर चला गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।











